M1 कैटेगरी व्हीकल क्या हैं, जिसमें गडकरी चाहते हैं 6 एयरबैग; जानिए गाड़ियों में ऐसी कितनी कैटेगरी?

M1 कैटेगरी वाली कारों में 6 एयरबैग के नियम को फिलहाल सालभर के लिए टाल दिया गया है। यानी जो नियम 1 अक्टूबर, 2022 से लागू होने वाला था वो अब 1 अक्टूबर, 2023 से लागू होगा। सरकार ने इस नियम को एक्सटेंड करने के पीछे ग्लोबल सप्लाई :चेन में आ रही बाधाओं को बताया। गडकरी ने कहा कि मोटर व्हीकल में सफर करने वाले सभी यात्रियों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, चाहे उनकी कीमत और वैरिएंट कुछ भी हों। ऑटो इंडस्ट्री को ग्लोबल सप्लाई चेन में आ रही बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इसके प्रभाव को देखते हुए पैसेंजर कार (M1 कैटेगरी) में न्यूनतम 6 एयरबैग लागू करने के प्रस्ताव को 1 अक्टूबर, 2023 से लागू करने का निर्णय लिया गया है।

गडकरी ने जिन M1 कैटेगरी व्हीकल की बात की है क्या आप उसके बारे में जानते हैं। क्या आपकी कार इस कैटेगरी में आती है, या इस कैटेगरी में कौन सी गाड़ियां आती हैं। इसके अलावा भी व्हीकल सेगमेंट में कौन-कौन सी कैटेगरी होती हैं। इस खबर में हम आपको इन्हीं कैटेगरी के बारे में बता रहे हैं।

A कैटेगरी : इस कैटेगरी में एग्रिकल्चरल ट्रैक्टर पावर टिलर आते हैं।
C कैटेगरी : इसमें कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट व्हीकल आते हैं।

L कैटेगरी के व्हीकल

L1 कैटेगरी : इसमें वह मोटरसाइकिल आती हैं, जिनकी स्पीड 45 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक ना हो। साथ ही उनके इंजन की क्षमता 50 cc या इलेक्ट्रिक व्हीकल के मामले में 0.5 किलोवॉट से अधिक ना हो।
L2 कैटेगरी : जो भी मोटरसाइकिल L1 कैटेगरी में नहीं आती हैं, वह L2 कैटेगरी में रखी जाती हैं।
L3 कैटेगरी : इसमें वह दोपहिया मोटरसाइकिल आती हैं, जिनका इंजन 50 cc से अधिक का होता है या फिर स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक होती है।
L5M कैटेगरी : इसमें यात्रियों को ले जाने वाली गाड़ी (ऑटो रिक्शा) आते हैं और जिनका वजह 1500 किलो तक होता है।
L5N कैटेगरी : कैटेगरी L1 के अलावा जो भी मोटरसाइकिल होती है, वह इस कैटेगरी में आती है।

M कैटेगरी के व्हीकल

M कैटेगरी : इसमें वह गाड़ियां आती हैं, जिनमें कम से कम 4 पहिए होते हैं और वह यात्रियों को ढोने के काम करती है।
M1 कैटेगरी : इसमें वह चार पहिया मोटर व्हीकल आते हैं, जो यात्रियों को ढोते हैं और जिनमें ड्राइवर की सीट के अलावा 8 सीटों से अधिक ना हों।
M2 कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं, जो यात्रियों को ढोने के काम आता है और जिसमें ड्राइवर सीट के अलावा 9 सीटें या उससे अधिक सीटें होती हैं। साथ ही जिसका अधिकतम ग्रॉस वजन 5 टन से अधिक ना हो।
M2G कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं, जिनमें ड्राइवर सीट के अलावा 9 या उससे अधिक सीटें होती हैं और जिसका अधिकतम वजन 5 टन से अधिक नहीं होता है। साथ ही इन गाड़ियों में ऑफ रोड (दो देशों के बीच चलने वाली गाड़ियां) क्षमता होती है।
M3 कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं, जो यात्रियों को ढोने के काम आता है और जिसमें ड्राइवर सीट के अलावा 9 सीटें या उससे अधिक सीटें होती हैं। साथ ही जिसका अधिकतम ग्रॉस वजन 5 टन से अधिक होता है।
M3G कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं, जिनमें ड्राइवर सीट के अलावा 9 या उससे अधिक सीटें होती हैं और जिसका अधिकतम वजन 5 टन से अधिक होता है। साथ ही इन गाड़ियों में ऑफ रोड (दो देशों के बीच चलने वाली गाड़ियां) क्षमता होती है।

N कैटेगरी के व्हीकल

N कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं जिनमें कम से कम 4 पहिए होते हैं और जो सामान ढोने के काम करते हैं, साथ ही वह कुछ परिस्थितियों में व्यक्तियों को भी ढो सकते हैं।
N1 कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं, जो सामान ढोने का काम करते हैं और जिनका वजन 3.5 टन से अधिक ना हो।
N2 कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं, जो सामान ढोने का काम करते हैं और जिनका वजन 3.5 टन से अधिक हो, लेकिन 12 टन से अधिक ना हो।
N3 कैटेगरी : इसमें वह मोटर व्हीकल आते हैं, जो सामान ढोने का काम करते हैं और जिनका वजन 12 टन से अधिक होता है।

T कैटेगरी के व्हीकल

T कैटेगरी : इसमें ट्रेलर कैटेगरी की गाड़ियां आती हैं, इनका इस्तेमाल सामान ढोने के लिए होता है।
T1 कैटेगरी : इसमें वह ट्रेलर आते हैं जो सामान ढोने के लिए इस्तेमाल होते हैं और जिनका वजन 0.75 टन से अधिक नहीं होता है।
T2 कैटेगरी : इसमें वह ट्रेलर आते हैं जो सामान ढोने के लिए इस्तेमाल होते हैं और जिनका वजन 0.75 टन से अधिक होता है, लेकिन 3.5 टन से कम होता है।
T3 कैटेगरी : इसमें वह ट्रेलर आते हैं जो सामान ढोने के लिए इस्तेमाल होते हैं और जिनका वजन 3.5 टन से अधिक होता है, लेकिन 10 टन से कम होता है।
T4 कैटेगरी : इसमें वह ट्रेलर आते हैं जो सामान ढोने के लिए इस्तेमाल होते हैं और जिनका वजन 10 टन से अधिक होता है।
T5 कैटेगरी : इसमें वह सेमी ट्रेलर आते हैं, जिन्हें तीन पहिया ट्रैक्टर से खींचा जाता है।