Election in Himachal Pradesh 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। चुनावी जंग में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सत्ता बचाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। BJP फिर से सत्ता में आने का दावा कर रही है तो वहीं विपक्षी कांग्रेस भी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। हिमाचल प्रदेश के चुनावी दंगल के बीच शिमला में पंचायत आजतक हिमाचल प्रदेश का महामंच सजा।
हिमाचल प्रदेश के महामंच पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सत्ता में वापसी का दावा किया। जयराम का जादू चलेगा नामक सेशन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया कि बीजेपी हिमाचल प्रदेश में फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि हमारे पास ऐसा नेता है जिसका चेहरा लोगों के दिल में बसा है। हिमाचल प्रदेश के लोगों का पीएम मोदी से खास जुड़ाव है और इसका लाभ पार्टी को मिलेगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार बदलने के साथ काम करने का रिवाज था जिसे हमने पहले दिन से बदलने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि हमने हिमाचल प्रदेश में हर जगह काम किया है। हमने गरीबी को महसूस किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण सूबे के विकास को पांच साल में गति में गति मिली है। मंडी में वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह की जीत को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि वो चुनाव श्रद्धांजलि के नाम पर निकला। वो चुनाव इमोशनल कार्ड की वजह से कांग्रेस जीती। हम अलर्ट हुए हैं।